बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी संघ ने सीएम को भेजा ज्ञापन

0
36

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी एसोसिएशन, फर्रुखाबाद इकाई ने अपनी विभिन्न लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्व नाथ प्रताप सिंह के माध्यम से प्रेषित किया।
जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र नाथ अवस्थी एवं महामंत्री अरशद सिद्दीकी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि संगठन पिछले लगभग तीन वर्षों से परिषद एवं शासन स्तर पर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक उनका संतोषजनक निस्तारण नहीं हो सका है।
ज्ञापन में परिषद के लिपिकीय कर्मचारियों को अर्जित अवकाश के बदले नकदीकरण की सुविधा प्रदान करने, लिपिक संवर्ग के पदों का पुनर्गठन कर पदोन्नति के अवसर बढ़ाने तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का ग्रेड वेतन 1800 रुपये से बढ़ाकर 1900 रुपये किए जाने की मांग उठाई गई है।
इसके अतिरिक्त कर्मचारियों ने परिषद के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, विशेष शिक्षकों, अनुदेशकों, वार्डन एवं अन्य कार्मिकों को समान सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की। संगठन का कहना है कि विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों के बीच सुविधाओं में असमानता के कारण असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
संघ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से कर्मचारियों की लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि बेसिक शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों सहित विभिन्न संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]