फर्रुखाबाद :(जेएनआई ब्यूरो) जर्जर खंभों से दौड़ रही 11 हजार वोल्ट लाइन के 8 से 10 पोल गिरे, दो कार और बाइक क्षतिग्रस्त
फर्रुखाबाद। ग्राम पचपुखरा स्थित पानी की टंकी के निकट शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मटर फैक्ट्री और कोल्ड स्टोरेज को जाने वाली 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के कई खंभे अचानक भरभराकर गिर पड़े। हादसे में दो कारें और एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बाइक सवार एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं।
ग्रामीणों के अनुसार यह हाईटेंशन लाइन पानी की टंकी से लेकर महेश चंद्र दुबे के प्लांट तक जर्जर एवं पुराने खंभों पर संचालित की जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अचानक एक के बाद एक लगभग 8 से 10 बिजली के पोल जमीन पर गिर गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना के समय सड़क किनारे खड़े दो वाहन और एक मोटरसाइकिल इसकी चपेट में आ गए। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, हालांकि मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को हल्की चोट आई है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली। आक्रोशित लोगों ने मौके से खंभे हटाने का विरोध किया और विभागीय लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की। बाद में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रतीक दुबे ने ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद रायपुर चौकी इंचार्ज अरविंद यादव तथा बिजली विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में गिरे हुए खंभों को सड़क किनारे कराया गया और सुरक्षा की दृष्टि से लाइन की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र से गुजर रही इस हाईटेंशन लाइन को भूमिगत किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। लोगों ने मांग की है कि बस्ती के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन को जमीन के नीचे से डाला जाए और जर्जर खंभों को तत्काल बदला जाए।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा, जबकि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


