फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नगर क्षेत्र में नागरिकों को स्वास्थ्य एवं मनोरंजन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। नगर पालिका परिषद द्वारा निर्मित आरोग्य पथ का लोकार्पण ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल सहित नगर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। आरोग्य पथ का निर्माण 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि के माध्यम से कराया गया है। यहां नागरिकों के लिए ओपन जिम, ग्रीन बेल्ट, स्टील बेंच सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे लोगों को सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष के पति मनोज अग्रवाल ने बताया कि नगर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की योजना लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लाल दरवाजा फव्वारा से कादरी गेट चौकी, फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन से देवरामपुर रेलवे समपार फाटक तथा पुल मंडी से फतेहगढ़ पुलिस लाइन तक नए आरोग्य पथों का निर्माण कराया जाएगा| उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद नगरवासियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण में सैर एवं व्यायाम की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शहर के विकास और जनस्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
आरोग्य पथ का लोकार्पण, नागरिकों को मिली पालिका की नई सौगात
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]


