आयुष्मान कार्ड व आभा आईडी में लापरवाही पर सात आशाओं को नोटिस, निष्कासन की चेतावनी

0
66

फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं आयुष्मान भारत कार्ड एवं आभा आईडी बनाने के कार्य में लापरवाही बरतने वाली सात आशा कार्यकर्ताओं को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने तीन दिन के भीतर कार्य में सुधार और लिखित जवाब देने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर निष्कासन की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। विकास खंड नवाबगंज क्षेत्र में आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी निर्माण कार्य की धीमी प्रगति को लेकर उच्चाधिकारियों की नाराजगी के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अधीक्षक डॉ. लोकेश शर्मा ने गुरुवार को सात आशा कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया। नोटिस प्राप्त करने वालों में खलवारा अचरा की माधुरी, रसूलपुर अचरा की विनीता, मई रशीदपुर की मुन्नी देवी, सलेमपुर उम्मरपुर की शर्मिला, त्यौरी उम्मरपुर की किरण, जाफरनगर नगला बारंग की साजिया तथा अल्हादादपुर शिवरई मठ की रामादेवी शामिल हैं। जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित आशा कार्यकर्ताओं द्वारा आयुष्मान कार्ड एवं आभा आईडी बनाने के अभियान में अपेक्षित सहयोग नहीं किया जा रहा है, जिससे योजनाओं की प्रगति प्रभावित हो रही है। सभी को तीन दिन के भीतर अपने कार्य में सुधार लाने तथा कार्यालय में लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में जवाब न मिलने अथवा कार्य में सुधार न होने की स्थिति में एकपक्षीय कार्रवाई करते हुए संबंधित आशाओं के निष्कासन के लिए उच्चाधिकारियों को संस्तुति भेजी जाएगी।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]