फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील कायमगंज सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 216 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 76, पुलिस विभाग की 54, विद्युत विभाग की 28, विकास विभाग की 32, खाद्य एवं रसद विभाग की 5, नगर विकास विभाग की 8 तथा अन्य विभागों की 13 शिकायतें शामिल रहीं। अधिकारियों द्वारा मौके पर ही 15 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने क्षेत्र मऊ रशीदपुर के लेखपाल योगेंद्र यादव एवं संबंधित राजस्व निरीक्षक शिवनारायण तिवारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा क्षेत्र बलीपुर के लेखपाल कप्तान सिंह के विरुद्ध प्राप्त शिकायत की जांच कर दोष सिद्ध होने पर निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता, उदासीनता अथवा लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, जिससे आमजन को समय पर न्याय एवं राहत मिल सके।
डीएम सख्त, दो राजस्व कर्मियों को प्रतिकूल प्रविष्टि व एक लेखपाल निलंबन


