विश्व पर्यावरण दिवस पर वन मंत्री व सदर विधायक ने किया वृक्षारोपण

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद पहुंचे उत्तर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी मंत्री अरुण कुमार सक्सेना को लेकर निनौआ स्थित वन चेतना केंद्र पहुंचे, जहां दोनों जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण किया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि प्रदेश में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पांच करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में फर्रुखाबाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वहीं सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम हाउस के आसपास विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, ताकि भविष्य में वहां आने वाले लोगों को धूप से राहत और पर्याप्त छाया मिल सके। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया। उपस्थित लोगों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।