पुलिस भर्ती परीक्षा: 19 केंद्रों पर 40,320 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा दिवस पर सुबह 7 बजे ट्रेजरी पहुंचकर परीक्षा सामग्री प्राप्त करें तथा समय से अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे, जो परीक्षा अवधि में लगातार निगरानी रखेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच, स्मार्टबैंड, ब्लूटूथ डिवाइस, पर्स, हैंडबैग, प्लास्टिक पाउच तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र तथा नीले अथवा काले रंग का पेन लेकर ही प्रवेश दिया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में स्थित फोटोकॉपी की दुकानें, साइबर कैफे और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की दुकानें परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखी जाएं। साथ ही सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से युक्त कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम स्थापित कर उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर क्लॉक रूम, पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय और स्पष्ट संकेतकों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी कक्षों, शौचालयों और परिसर का गहन निरीक्षण करने तथा केंद्र व्यवस्थापकों से नो-रिलेशन प्रमाणपत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 6,720 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। कुल छह पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा में 40,320 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने परीक्षा से पूर्व रिहर्सल कराने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा समन्वित प्रयासों के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।