देशी शराब व बीयर के ठेके का गेट काटकर चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के दाऊदपुर नगला बाग स्थित कंपोजिट देशी शराब एवं बीयर के ठेके में बीती रात चोरों ने गेट काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। पूरी घटना ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। गांव सलेमपुर निवासी राजीव कुमार दीक्षित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बहनोई आशीष दीक्षित के नाम से ठेका संचालित है। आरोप है कि रात में अज्ञात चोर मुख्य गेट को कटर से काटकर अंदर घुस गए और एक पेटी देशी शराब (45 पौआ), 131 बीयर कैन तथा 30 डिब्बी सिगरेट चोरी कर ले गए।घटना का पता सुबह करीब 10 बजे चला, जब सेल्समैन आकाश दुकान खोलने पहुंचा। गेट कटा देख उसने तत्काल राजीव कुमार को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज देखी गई, जिसमें चोरी की वारदात कैद मिली। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस और चौकी प्रभारी बलवीर सिंह मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।