फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र के आईटीआई चौराहे से सातनपुर मंडी रोड तक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए जा रहे फुटपाथ निर्माण कार्य को लेकर सोमवार को विवाद खड़ा हो गया। निर्माण कार्य में अनियमितता के आरोप लगाते हुए फर्रुखाबाद विकास मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए, जिससे वहां हंगामे की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी चर्चा है।
जानकारी के अनुसार करीब 1700 मीटर लंबी और ढाई मीटर चौड़ी फुटपाथ का निर्माण कराया जा रहा है। फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भैयन मिश्रा समेत कई पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है। इस संबंध में जानकारी मांगने पर कार्यस्थल पर मौजूद लोगों से उनकी कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार विवाद के दौरान मारपीट की भी चर्चा रही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे बंटी खान ने बताया कि ठेकेदार अलीगढ़ निवासी सोहेल खान हैं और विरोध करने पहुंचे लोगों तथा कर्मचारियों के बीच केवल कहासुनी हुई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई है और जेई को मौके पर बुलाकर जांच कराने की मांग की गई है। फिलहाल संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।
फुटपाथ निर्माण में अनियमितता के आरोप पर हंगामा, जांच की मांग





