इलाज के दौरान महिला की मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजपुर थाना क्षेत्र के नगरिया गिरधर गांव में लंबे समय से अस्वस्थ चल रही एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगरिया गिरधर निवासी कुसमा (40 वर्ष), पत्नी मोनू, पिछले काफी समय से बीमारी से जूझ रही थीं। शनिवार को उनकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में भर्ती कराया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
लोहिया अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार शुरू किया गया, लेकिन प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजपुर चौकी क्षेत्र के उपनिरीक्षक अरविंद अवस्थी ने बताया कि महिला की मृत्यु उपचार के दौरान हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।