फर्रुखाबाद:(कम्पिल संवाददाता) पारिवारिक विवाद को लेकर चल रही पंचायत के दौरान युवक ने अपने साढ़ू पर तमंचे से फायरिंग कर दी थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी को तमंचा और कारतूस समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार थाना शमशाबाद क्षेत्र के गांव शिवरैया निवासी जाहर सिंह कठेरिया अपने ममेरे बहनोई कायमगंज के गऊटोला निवासी आलोक कुमार के साथ करीब दस दिन पहले कंपिल थाना क्षेत्र के मोहल्ला पट्टी मदारी निवासी सुमित और उसकी पत्नी वीरेशा के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंचे थे।
बताया गया कि पंचायत के दौरान कहासुनी बढ़ने पर सुमित ने तमंचे से अपने ममेरे साढ़ू आलोक कुमार पर फायर झोंक दिया। गोली के छर्रे लगने से आलोक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सीएचसी कायमगंज भेजा गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद जाहर सिंह ने आरोपी बहनोई सुमित के खिलाफ थाना कंपिल में तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर आरोपी सुमित को बुधवार को एक तमंचा और कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पंचायत में फायरिंग करने वाला आरोपी तमंचे समेत गिरफ्तार



