फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) रोडवेज डिपो में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से आ रही कौशांबी डिपो की रोडवेज बस में एक अज्ञात व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार कौशांबी डिपो की बस दिल्ली से फर्रुखाबाद आ रही थी। बस के चालक नरेंद्र पुत्र श्यामवीर सिंह निवासी सिकंदरा राव जनपद हाथरस तथा परिचालक विवेक पुत्र तेज सिंह निवासी रतौली जनपद फिरोजाबाद ड्यूटी पर थे। बुधवार को बस जैसे ही फर्रुखाबाद डिपो पहुंची और सभी यात्री उतर गए, तभी परिचालक ने बस की पीछे की सीट पर एक व्यक्ति को पड़ा देखा।
परिचालक ने उसे आवाज लगाई और हिलाकर देखा, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद तत्काल रोडवेज चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 108 एम्बुलेंस की सहायता से व्यक्ति को लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। तलाशी के दौरान उसके पास से 20 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। हालांकि उसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने बताया कि चालक और परिचालक का विवरण दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला कादरीगेट थाना क्षेत्र स्थित रोडवेज बस स्टॉप का बताया जा रहा है।
रोडवेज बस में मिला अज्ञात यात्री का शव, पुलिस जांच में जुटी





