फर्रुखाबाद में तीन दिन का लू अलर्ट जारी, तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना

  1. फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अत्यधिक आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
  2. जिलाधिकारी डा. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने स्वास्थ्य, नगर निकाय, पंचायती राज, विद्युत, शिक्षा, राजस्व तथा आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया है।
  3. प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि तेज गर्मी और लू का असर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार लोगों पर अधिक पड़ सकता है। खेतों और खुले स्थानों पर कार्य करने वाले किसान, मजदूर और श्रमिकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
  4. अत्यधिक गर्मी के कारण शरीर में पानी और लवण की कमी, चक्कर आना, उल्टी, सिरदर्द, थकान और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा पशु-पक्षियों पर भी गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।
  5. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बाहर निकलते समय सिर को टोपी, गमछे या कपड़े से ढककर रखें तथा हल्के रंग के सूती और ढीले कपड़े पहनें। धूप में छाते का प्रयोग करने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है। साथ ही ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और लस्सी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने को कहा गया है।
  6. बच्चों और बुजुर्गों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ने की हिदायत दी गई है। खेतों और निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों को समय-समय पर छायादार स्थान पर आराम करने को कहा गया है। घरों और कार्यस्थलों पर पेयजल एवं उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। पशुओं के लिए पानी और छांव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
  7. प्रशासन ने लोगों को खाली पेट तेज धूप में बाहर न निकलने, अधिक तले-भुने और मसालेदार भोजन से बचने तथा शराब, अधिक चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड पेय पदार्थों का कम सेवन करने की सलाह दी है। साथ ही लंबे समय तक लगातार धूप में काम न करने और छोटे बच्चों व बुजुर्गों को अधिक देर तक खुले में न रखने की अपील की गई है।
  8. जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल एवं छायादार स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।