फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिनेंद्र कुमार ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने ओपीडी, महिला प्रसूति वार्ड, इमरजेंसी वार्ड समेत विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। महिला प्रसूति वार्ड में कूलर और पंखे बंद मिलने पर उन्होंने कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल सभी उपकरण चालू कराने के निर्देश देते हुए कहा कि भीषण गर्मी में मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
अस्पताल परिसर में कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर भी सीएमओ ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना बेहद जरूरी है।
ओपीडी निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों के पंजीकरण, ऑनलाइन सेवाओं और दवा वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर दवाएं उपलब्ध कराई जाएं और अनावश्यक रूप से प्रतीक्षा न कराई जाए।
इमरजेंसी वार्ड में सीएमओ ने बेडों पर साफ चादरें बिछाने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की भी जांच की तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। सीएमओ ने अस्पताल प्रभारी डॉ. प्रमित राजपूत को निर्देशित करते हुए कहा कि अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं सुचारु रखी जाएं, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रभारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। सीएमओ ने बताया कि निरीक्षण में मिली कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
भीषण गर्मी में बंद मिले कूलर-पंखे, सीएमओ ने कर्मचारियों को लगाई फटकार
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



