खेत में पानी लगाते समय किसान ने तमंचे से खुद को गोली मारी, मौत

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) क्षेत्र के ग्राम गऊटोला में रविवार शाम एक किसान ने खेत में तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम निवासी 40 वर्षीय महेंद्र लोधी शाम के समय अपने मक्के के खेत में पानी लगा रहे थे। उनकी बेटी सरिता भी खेत पर मौजूद थी। इसी दौरान अचानक महेंद्र ने तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर बेटी घबरा गई और पिता को लहूलुहान हालत में देखकर चीख-पुकार मचाने लगी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल महेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से तमंचा बरामद कर कब्जे में ले लिया।
मृतक की पत्नी विमला देवी ने बताया कि परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। भीषण गर्मी के बावजूद घर में केवल एक ही पंखा था, जिसे लेकर पिछले दो दिनों से घर में विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि वह बच्चों के लिए दूसरा पंखा लाने की बात कह रही थीं। इसी बात को लेकर रविवार को पति-पत्नी के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था।
परिजनों के अनुसार महेंद्र के पास मात्र दो बीघा जमीन थी और परिवार का भरण-पोषण करने के लिए वह तंबाकू गोदाम में मजदूरी भी करता था। महेंद्र अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे हिमांशु, आर्यन, सुदेश तथा दो बेटियां रेशमा और सरिता को छोड़ गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक द्वारा तमंचे से खुद को गोली मारने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।