फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम वैराम नगर निवासी 50 वर्षीय कोटेदार वासुदेव ने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच
गया। परिजन पहले पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार वासुदेव ने गुरुवार सुबह करीब 10 बजे घर के बाहर बने टीनशेड में लोहे के गाटर से सूती निभाड़ के सहारे फांसी लगा ली। उनकी पत्नी विमलेश कुमारी जब उन्हें खाना खाने के लिए बुलाने पहुंचीं तो पति को फंदे पर लटका देख चीख पड़ीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने तत्काल उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मृतक के चचेरे भाई मनोज यादव ने दोपहर करीब डेढ़ बजे पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मदन मोहन
चतुर्वेदी व चौकी प्रभारी जसवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। उप निरीक्षक जसवीर सिंह ने पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी विमलेश कुमारी और दो पुत्र 29 वर्षीय हेमंत कुमार तथा 23 वर्षीय प्रिंस को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
कोटेदार ने फांसी लगाकर की आत्महत्या





