विद्यालयों में गरिमा क्लब का गठन, छात्राओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति किया जाएगा जागरूक

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कक्योली, नवाबगंज में स्वच्छ गरिमा विद्यालय कार्यक्रम के अंतर्गत गरिमा क्लब का गठन किया गया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को माहवारी के दौरान होने वाली समस्याओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।
न्यायालय के निर्देशानुसार बालिकाओं को माहवारी संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने के लिए सभी केजीबीवी एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में गरिमा क्लब गठित किए जा रहे हैं। जनपद नोडल गरिमा गर्ल एवं मीना मंच भारती मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में 10 से 12 छात्राओं का एक समूह बनाया गया है, जो माहवारी के दौरान छात्राओं की आवश्यकताओं को समझकर उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करेगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में एक गरिमा गर्ल तथा एक गरिमा क्लब नोडल का चयन भी किया गया है। केजीबीवी राजेपुर में सुकृति बघेल को नोडल और केतु (कक्षा-8) को गरिमा गर्ल चुना गया। इसी प्रकार केजीबीवी कायमगंज में कुमारी पल्लवी व साधना, कमालगंज में अर्चना त्रिपाठी व सलोनी, नवाबगंज में प्रियंका शंखवार व अनुपम तथा शमशाबाद में शिप्रा शुक्ला व कीमती का चयन किया गया।
पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कक्योली, नवाबगंज में ममता वर्मा को नोडल तथा शिवाली को गरिमा गर्ल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारती मिश्रा ने चयनित शिक्षिकाओं और छात्राओं से विद्यालयों में गरिमा कॉर्नर स्थापित करने तथा माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर छात्राओं को जागरूक करने का आह्वान किया। इस दौरान साधना सिंह ने बालिकाओं को पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।