भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग शुरू, राष्ट्रवाद और संगठन मजबूती पर जोर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग शुरू हुआ। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में किया गया। उद्घाटन सत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य संगठनात्मक क्षमता, नेतृत्व विकास और विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जनसंघ से शुरू होकर 1980 में भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ और इसके प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी थे। भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की एकात्म मानववाद की विचारधारा पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 1975 की इमरजेंसी में जनसंघ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हजारों कार्यकर्ताओं को जेल भेजा गया था। आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुकी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की ओर अग्रसर है।दूसरे सत्र में पूर्व मंत्री अर्चना पांडे ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर नए कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम हैं। इससे कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, विचारधारा और जिम्मेदारियों की जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव पार्टी के सामने बड़ा लक्ष्य है और प्रत्येक कार्यकर्ता को हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।तीसरे सत्र में महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को संगठन की नीति-रीति से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।जिला वर्ग प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने कहा कि 2014 से पहले और वर्तमान भारत में बड़ा अंतर आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के विकास को पूरी दुनिया स्वीकार कर रही है।भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में करीब 250 कार्यकर्ताओं ने पंजीकरण कराया है। उद्घाटन सत्र से पहले एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया, जिसमें वर्ष 1980 से अब तक के सभी पूर्व जिलाध्यक्षों की जानकारी प्रदर्शित की गई।कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस दौरान सुशील शाक्य, नागेंद्र सिंह राठौर, मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार आलू विपणन संघ सभापति विमल कटिहार पूर्व जिला अध्यक्ष सत्यपाल सिंह पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कटियार, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ प्रदेश सहसंयोजक भास्कर दत्त द्विवेदी, कायमगंज ब्लॉक प्रमुख अनुराधा दुबे, खीमसेपुर पंचायत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल राजपूत, राजेपुर ब्लाक प्रमुख पल्लव सोमवंशी, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला महामंत्री गोपाल राठौर, जिला उपाध्यक्ष अनुराग दुबे, रश्मि दुबे, जितेंद्र सिंह, पूर्व जिला महामंत्री डीएस राठौर पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ प्रदेश सहसंयोजक वीरेंद्र सिंह राठौड़ महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बबीता पाठक ममता सक्सेना मीरा सिंह किरण सिंह जिला मंत्री प्रतिभा राजपूत संदेश राजपूत अभिषेक वाजपेयी, सोशल मीडिया प्रमुख सुशील राजपूत, जिला आईटी प्रमुख रजनीश मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, तरुण महेश्वरी, कृष्ण मुरारी राजपूत, डॉ.प्रभात अवस्थी, अवनीश शाक्य, कुलदीप दुबे आदि लोग मौजूद रहे।