लव जिहाद! पत्नी को मारपीट कर घर से निकाला, महिला ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मनिहारी गढ़ी निवासी एक युवक पर पत्नी ने मारपीट, उत्पीड़न और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
महिला नीलम उर्फ साहिबा, मूल निवासी मधुबन विहार थाना सदर बाजार, जिला राजकोट (गुजरात) ने आरोप लगाया कि करीब 16 वर्ष पूर्व उसकी पहचान फर्रुखाबाद निवासी अली भाई से हुई थी। महिला का कहना है कि युवक ने स्वयं को हिंदू बताकर उससे विवाह किया और बाद में उसे फर्रुखाबाद ले आया।
पीड़िता के अनुसार विवाह के बाद उसका नाम बदल दिया गया तथा लंबे समय से उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती रही। महिला ने आरोप लगाया कि उसे घर से बाहर निकलने नहीं दिया जाता था और विरोध करने पर उसके साथ हिंसा की जाती थी। महिला का कहना है कि उसके पांच बच्चे हुए, जिनमें से दो की मृत्यु हो चुकी है।
प्रार्थना पत्र में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 13 मई 2026 को पति ने उसके साथ मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया, जिसके बाद उसे फुटपाथ पर रात बितानी पड़ी। महिला ने बताया कि उसने शहर कोतवाली में शिकायत की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।
पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे सुरक्षित उसके मूल निवास राजकोट भेजने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जानकारी की जा रही है। है हिन्दू समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी नें भी कार्यवाही की मांग की है |