भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग 15 मई से, तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भाजपा के आगामी दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर गुरुवार को पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा ने की। इस दौरान प्रशिक्षण वर्ग की व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी एवं कन्नौज के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने बताया कि 15 और 16 मई को आयोजित होने वाला जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शुरू होगा। इसमें जिला कार्यसमिति सहित अपेक्षित कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से भाग लेना होगा। प्रत्येक प्रतिभागी के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।उन्होंने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में कुल 11 सत्र आयोजित होंगे, जिनमें क्षेत्र और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नेता संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और सरकार की योजनाओं पर मार्गदर्शन देंगे। प्रमुख वक्ताओं में रामशंकर कठेरिया , अर्चना पाण्डेय, कमलावती सिंह, अनूप कुमार गुप्ता, देवेश कोरी, संजय चौधरी, वीरेंद्र तिवारी, शिव महेश दुबे, सत्यपाल सिंह, अशोक राजपूत और प्रांशु दत्त द्विवेदी शामिल रहेंगे।नरेंद्र राजपूत ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जो अपने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति और राष्ट्रवादी विचारधारा के अनुरूप प्रशिक्षित करता है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशिक्षण वर्ग में 252 कार्यकर्ताओं की सहभागिता अपेक्षित है और सभी की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। प्रशिक्षण शिविर में रात्रि प्रवास की व्यवस्था भी रहेगी।जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा ने कहा कि सभी 18 मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग संपन्न होने के बाद अब जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसमें नए कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, पार्टी की विचारधारा और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण शिविर में संगठन और सरकार के कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, अनुराग दुबे, शिव मोहन सिंह, श्वेता दुबे, अभिषेक बाथम, जितेंद्र सिंह, संजीव गुप्ता, अभिषेक बाजपेई, डीएस राठौर, रश्मि दुबे, शिवांग रस्तोगी, अशनील दिवाकर, कृष्ण मुरारी राजपूत, सुशील राजपूत, विकास पांडे और संजय सिंह मौजूद रहे।