फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) प्रसूता की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मसेनी स्थित गायत्री हॉस्पिटल को सील कर दिया। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अवनींद्र कुमार के नेतृत्व में की गई।बताया गया कि सोमवार को अस्पताल में एक प्रसूता की ऑपरेशन के बाद मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे सीएमओ ने जांच कर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की थी।जांच के दौरान अस्पताल में लापरवाही सामने आने पर मंगलवार को कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी। रिपोर्ट के आधार पर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल को खाली कराकर सील कर दिया।कार्रवाई से पहले अस्पताल में भर्ती चार मरीजों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लोहिया भेजा गया। इसके बाद सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने टीम के साथ अस्पताल को सील कर चाबी संचालक अरविंद सिंह को सौंप दी।इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. दीपक कटारिया, डॉ. शोभा सक्सेना, डॉ. श्वेता सिंह, वरिष्ठ लिपिक आलोक सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग, पर्यावरण विभाग और गंगा स्वच्छता समिति के सदस्य मौजूद रहे।स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है। मामला थाना कादरी गेट क्षेत्र के मसेनी लकूला मार्ग स्थित गायत्री हॉस्पिटल का है।
प्रसूता की मौत के बाद गायत्री हॉस्पिटल सील, स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्यवाही





