ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)जनपद के कादरी गेट थाना क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान 25 वर्षीय महिला की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, कम्पिल थाना क्षेत्र के गांव रसीदपुर निवासी अनुज कुमार की पत्नी रेनू को रविवार को प्रसव पीड़ा होने पर शहर के मसैनी स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल द्वारा ऑपरेशन से पहले ही 30 हजार रुपये जमा करा लिए गए। बताया गया कि देर रात ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी दौरान अस्पताल स्टाफ ने परिजनों को बताया कि महिला में खून की कमी है और ब्लड की आवश्यकता है। इस पर परिजन ब्लड बैंक की ओर चले गए। आरोप है कि उनके अनुपस्थित रहने के दौरान ही ऑपरेशन कर दिया गया और महिला की हालत बिगड़ गई।
परिजनों का कहना है कि हालत गंभीर होने पर नर्सिंग होम ने जिम्मेदारी लेने के बजाय महिला को तुरंत कहीं और ले जाने की सलाह देकर बाहर कर दिया। जब परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को एंबुलेंस से वापस नर्सिंग होम लेकर पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। इस दौरान अस्पताल स्टाफ और परिजनों के बीच कहासुनी भी हुई। सूचना पर रात करीब 1:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
मृतका रेनू की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसके पति अनुज कुमार गैस एजेंसी पर हाकर का काम करते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। थानध्यक्ष नें बताया की शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है |