फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के लालपुर गांव निवासी 45 वर्षीय सर्वेश कुमार की सड़क दुर्घटना में जान चली गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार 50 वर्षीय प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब दो बजे सर्वेश अपने साथी प्रमोद के साथ बाइक से जहानगंज थाना क्षेत्र के मधवापुर स्थित पैतृक गांव गए थे। रात लगभग 10 बजे दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उबरीखेड़ा गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सर्वेश कुमार के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं प्रमोद कुमार बुरी तरह घायल हो
गए। सूचना मिलने पर खुदागंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार और गश्त पर मौजूद दरोगा महेंद्र सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के मोबाइल के जरिए परिजनों को घटना की जानकारी दी। दुर्घटना की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल




