पुलिस चौकी के पास तीन दुकानों में बड़ी सेंधमारी, लाखों का माल साफ

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) हथियापुर क्षेत्र में बीती रात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए पुलिस चौकी के बिल्कुल नजदीक स्थित बाजार की तीन दुकानों में सेंध लगा दी और लाखों रुपये के जेवर, नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत और व्यापारियों में रोष है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा, थाना प्रभारी अजब सिंह तथा चौकी इंचार्ज पंकज कुमार यादव मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
चोरों ने श्री ओम मंगला गौरी ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़कर करीब चार लाख रुपये के सोने के आभूषण पार कर दिए। दुकान मालिक मनोज कुमार शर्मा, निवासी जोगराज स्ट्रीट, कोतवाली क्षेत्र, ने घटना की पुष्टि की। इसी क्रम में आशा ज्वेलर्स को भी निशाना बनाया गया, जहां से लगभग 450 ग्राम चांदी, 10 ग्राम सोना, 19,800 रुपये नकद और चांदी के सिक्के चोरी हो गए। दुकान स्वामी दिनेश वर्मा, निवासी पक्का पुल, को सुबह आसपास के व्यक्ति से घटना की जानकारी मिली।
तीसरी वारदात आरवी जन सेवा केंद्र एंड गारमेंट्स में हुई, जहां से चोर कपड़े, मोबाइल फोन, लैपटॉप, लेमिनेशन मशीन, फिंगरप्रिंट डिवाइस सहित लाखों रुपये का सामान ले उड़े। दुकान संचालक अनुराग वर्मा, निवासी ग्राम सिलाईया (थाना नवाबगंज), ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने पर चौकी पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं मिला।
सीसीटीवी फुटेज में तीन लोग नंगे पैर बेलचे की मदद से शटर उचकाते नजर आए हैं।