रामनवमी शोभायात्रा का रूट बदला, तैयारियां तेज

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद में आगामी रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। व्यापार मंडल के संरक्षक आनंद प्रकाश गुप्ता ‘मुन्ना’ के निवेदन पर रूट परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू की गई है। यह जानकारी श्री राम विविध कला केंद्र के संस्थापक विजय दुबे ने दी।
शनिवार को शहर के रेलवे रोड स्थित होटल आनंद पैलेस में आयोजित बैठक में पदाधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव रखे। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष शोभायात्रा में भव्य रथ शामिल होगा, जिस पर भगवान राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की झांकी सुसज्जित रहेगी। इसके साथ ही ध्वजारोहण, बैंड और मां दुर्गा की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी।
विजय दुबे ने बताया कि बड़े रथ के कारण रूट में बदलाव करना आवश्यक हो गया है। नई योजना के अनुसार, शोभायात्रा 27 मार्च को शाम 6 बजे स्टेट बैंक के सामने रेलवे रोड स्थित बीएस मेंशन से प्रारंभ होकर चौक, लाल गेट होते हुए रोडवेज के सामने बस गार्डन तक पहुंचेगी। वहां राम रसोई का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि 28 मार्च को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक बीएस मेंशन में भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसके बाद सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
बताते चलें कि पूर्व में शोभायात्रा सरस्वती भवन से शुरू होकर चौक, साहिबगंज चौराहा, नाला मछरट्टा और लोहिया रोड होते हुए वापस सरस्वती भवन पहुंचती थी। लंबे रूट को लेकर पहले से ही विरोध हो रहा था, जिसके चलते इस बार रूट में बदलाव किया गया है।
बैठक में अखिल भारतीय हिंदू महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा ने सभी से संगठित होकर शोभायात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। इस दौरान सौरभ मिश्रा और शिवओम पांडेय ने भी अपने विचार रखे। मुख्य रूप से राम विविध कला केंद्र के अध्यक्ष संदीप दीक्षित, मंत्री दीपक मिश्रा और अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष क्रांति पाठक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।