अज्ञात वाहन नें बाइक सबारों को रौंदा, दो चचेरे भाईयों की मौत

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कस्बा मोहम्मदाबाद के वार्ड आजाद नगर निवासी दो चचेरे भाइयों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से परिवार व मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर निवासी उस्मान मंसूरी के 20 वर्षीय पुत्र समीर व इस्लाम मंसूरी के 22 वर्षीय पुत्र आदिल बाइक से ग्राम पतौंजा से वापस मोहम्मदाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान चंदेल कोल्ड स्टोरेज के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि समीर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंचे लोगों ने आदिल को डायल 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
इसी हादसे में राठौरा निवासी लगभग 50 वर्षीय ब्रह्मानंद को भी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। बताया गया कि आदिल तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम साजिद और बहन यास्मीन है। वहीं समीर भी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था, उसका छोटा भाई समद व बहन का नाम मुस्कान है। दोनों मृतकों के पिता राजमिस्त्री का कार्य करते हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों की मातायें सोनी व अफसाना का रो-रोकर बुरा हाल है।