फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) सड़क किनारे पड़ी गिट्टी-मौरंग पर चढ़ते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एक युवक की मौत हो गई जबकि चालक घायल हो गया। हादसा कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के नवाबगंज मार्ग पर शनि देव मंदिर के पास हुआ। पड़ोसी जनपद मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम रतनपुर निवासी अभिषेक बुधवार सुबह करीब 11 बजे अपने ममेरे भाई कृष्ण, बलरामनगर रोहिला निवासी गौतम तथा नगला कैथन निवासी संतराम बघेल के 20 वर्षीय पुत्र धीरेंद्र उर्फ धीरू के साथ रामनिवास का ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आलू लादने के लिए लाजपुर मार्ग स्थित चक्रपाल यादव के खेत जा रहे थे।
बताया गया कि जैसे ही ट्रैक्टर नवाबगंज मार्ग पर शनि देव मंदिर के पास पहुंचा, सड़क किनारे पड़ी गिट्टी और मौरंग पर चढ़ गया। इसी दौरान चालक ने ब्रेक लगाए तो ट्रैक्टर-ट्रॉली फिसलकर अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे में चालक अभिषेक, पल्लेदार गौतम और धीरेंद्र उर्फ धीरू गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉ. जितेंद्र यादव ने धीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार किया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां सरस्वती सहित परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि धीरेंद्र अपने भाइयों अनार सिंह और अर्जुन में सबसे छोटा था।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने धीरेंद्र की मौत का कारण सिर में गंभीर चोट लगना बताया है।
सड़क किनारे पड़ी गिट्टी-मौरंग से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, पल्लेदार की मौत, चालक घायल


