होली की खुशियां मातम में बदलीं, बनकटी गांव में एक ही दिन में तीन मौतों से पसरा सन्नाटा

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) टैम्पो पलटने से वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया उसे उपचार के लिये सेना के अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया| वहीं दूसरी दुर्घटना में दो चचेरे भाईयों की मौत हो गयी| मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बनकटी में होली का त्योहार उस समय मातम में बदल गया जब अलग-अलग सड़क हादसों में एक वृद्ध सहित दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। एक ही दिन गांव के तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है और गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार पहली घटना में गांव निवासी 58 वर्षीय सुरेश सिंह पुत्र ईनाम सिंह होली के दिन टेम्पो से पखना स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान गांव के अंदर ही टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए सैनिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक सुरेश सिंह अपने पीछे पत्नी रूपा देवी और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। उनका बड़ा बेटा राहुल भारतीय सेना में तैनात है, जबकि छोटा बेटा राजन एक निजी कंपनी बजाज में फाइनेंस का काम करता है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने इस मामले में पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया।
दूसरी घटना में गांव के ही दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया गया कि स्वर्गीय आनंद प्रकाश के 35 वर्षीय पुत्र सतीश उर्फ सोनू और सुखवीर सिंह के 40 वर्षीय पुत्र सोनू बाइक से नबीगंज रोड से सिनौडा की ओर जा रहे थे। ग्राम बढ़नपुर के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई।
सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. सन्नी मिश्रा ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मदनपुर चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर मोर्चरी में रखवाया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। होली के दिन एक ही गांव में तीन मौतों की खबर से बनकटी गांव में त्योहार की रौनक गायब हो गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।