फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के चौरसिया मझोला के पास मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के नौखंडा निवासी 36
वर्षीय पवन पुत्र विजय बहादुर अपने साथी महेश निवासी कटी मढ़ैया के साथ बाइक से कायमगंज रिश्तेदारी में होली उठाने जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे चौरसिया मझोला के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर शाम इलाज के दौरान पवन ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल महेश की हालत नाजुक देखते हुए उसे उत्तर प्रदेश
आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया गया है।
मृतक पवन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम
मचा है। पत्नी पायल, दो वर्षीय पुत्र कृष्ण और पांच माह की मासूम बेटी दृष्टि का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।






