फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में एक युवक को सर्प ने डस लिया। घबराए परिजन युवक को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, वहीं सर्प को भी पॉलिथीन में बंद कर साथ ले आए।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नगला पजामा निवासी 23 वर्षीय अभय प्रताप सिंह साथियों के साथ घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके पैर में सर्प ने डस लिया। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत उनके पैर को कपड़े से कसकर बांधा और उपचार के लिए लोहिया अस्पताल ले आए।
बताया गया कि अभय के साथी सर्प को मारने के बाद उसे पॉलिथीन में बंद कर अस्पताल ले आए, ताकि चिकित्सकों को दिखाया जा सके। जब चिकित्सकों ने पॉलिथीन में सर्प देखा तो पूछताछ की गई। परिजनों ने बताया कि सर्प मृत है और उसी ने अभय को काटा था।
आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात डॉ. दीपक तिवारी ने बताया कि युवक की हालत स्थिर है और उसका उपचार जारी है। साथ आए लोग मृत सर्प को पॉलिथीन में लेकर आए थे, जिसे बाद में बाहर ले जाया गया।
चिकित्सकों ने सलाह दी कि सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत मरीज को नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं और बिना चिकित्सकीय सलाह के किसी प्रकार का घरेलू उपचार न करें।
सर्प नें युवक कों डसा, अस्पताल में सांप लेकर पंहुचा



