पहले पैसे की व्यवस्था करो, फिर उसे उठा लेंगे- राजेपुर थाने के सिपाही का कथित वीडियो वायरल

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) जनपद में पुलिस विभाग से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे महकमे में हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा सिपाही राजेपुर थाना में तैनात है।
वायरल वीडियो में सिपाही किसी व्यक्ति से फोन पर बातचीत करता सुनाई दे रहा है। बातचीत के दौरान वह कथित रूप से कहता है, “पहले पैसे की व्यवस्था करो, उसके बाद जिसको बताया है उसे उठा लेंगे।” वीडियो में पास बैठे कुछ अन्य लोग इस बातचीत पर हंसी-मजाक करते भी नजर आ रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति है। मामले को लेकर विभागीय जांच की चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है और संबंधित सिपाही के विरुद्ध सख्त

कार्रवाई की मांग उठ रही है। हालांकि अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है, तो यह पुलिस की कार्यशैली और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है।
इस संबंध में सुदेश कुमार, थाना अध्यक्ष राजेपुर ने बताया कि संबंधित सिपाही शराब का आदी है। मामले की रिपोर्ट तैयार कर पुलिस अधीक्षक को भेजी जाएगी, जिसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे प्रकरण पर सबकी निगाहें प्रशासनिक निर्णय पर टिकी हैं।