फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शादी समारोह से लौट रहे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब तेज रफ्तार कार ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि उसकी मां, दादी, बड़ा भाई और ई-रिक्शा चालक घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहिबगंज नारायण दास निवासी अभिजीत तिवारी का तीन वर्षीय पुत्र तेजस तिवारी अपनी मां पूजा तिवारी, 13 वर्षीय बड़े भाई चेतन तिवारी और दादी रीता तिवारी (पत्नी रामकुमार तिवारी) के साथ आवास विकास स्थित डायमंड पैलेस से देर रात करीब 12:30 बजे ई-रिक्शा से घर लौट रहा था।
जैसे ही ई-रिक्शा बढ़पुर स्थित क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के सामने पहुंचा, तभी एक कार ने तेज रफ्तार में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन वर्षीय तेजस को मृत घोषित कर दिया। वहीं दादी रीता तिवारी, मां पूजा तिवारी, भाई चेतन तिवारी और ई-रिक्शा चालक सोनू निवासी हैवतपुर गड़िया का इलाज चल रहा है। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार और मोहल्ले में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि उसकी पहचान कर ली गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार नें ई-रिक्शा कों मारी टक्कर, 3 वर्षीय बालक की मौत,



