पल्लेदार के पुत्र नें फांसी लगाकर दी जान

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता)मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पट्टी खुर्द निवासी महावीर कठेरिया के 21 वर्षीय पुत्र रतन कठेरिया ने शनिवार को दिन में करीब 12 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना ग्राम प्रधान प्रवीण कुमार ने कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस को दी।
परिजनों के अनुसार रतन कठेरिया अपनी पत्नी मनीषा के साथ नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में कार्य करता था। वह 10 जनवरी को सुबह लगभग 4 बजे घर लौटा था। पिता महावीर कठेरिया ने बताया कि रतन वॉलीबॉल खेलकर आया और अपनी मां छोटी बिटिया से यह कहकर कमरे में चला गया कि वह आराम करेगा। उस समय उसकी पत्नी और मां बाहर कपड़े धो रही थीं, जिससे किसी को संदेह नहीं हुआ।
दोपहर करीब 12 बजे जब मां ने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो वह अंदर से बंद था। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। तब मृतक की बहन रिंशु ने दीवार में बने रोशनदान से झांककर देखा तो रतन पंखे से सफेद कपड़े के सहारे फांसी पर लटका मिला। यह देखते ही मां, बहन और पत्नी की चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए और दरवाजा तोड़कर रतन को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
रतन पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी 11 मई 2025 को थाना अल्लाहगंज क्षेत्र के ग्राम नौगामा में हुई थी। मृतक के पिता पल्लेदारी का कार्य करते हैं। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे थे, लेकिन करीब दो घंटे की समझाइश के बाद वे मान गए। इसके बाद हल्का इंचार्ज दरोगा आशु यादव ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।