शॉर्ट सर्किट से पिज़्ज़ा हाउस में भीषण आग, लाखों का नुकसान, दमकल न पहुंचने से बढ़ी अफरा-तफरी

0
661

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नगर के रेलवे रोड स्थित वीआईपी पिज़्ज़ा हाउस में गुरुवार को अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दुकान के अंदर रखा फर्नीचर, बिजली के उपकरण, किचन का सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। इस हादसे में पिज़्ज़ा हाउस को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

[adrotate banner="3"]

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पिज़्ज़ा हाउस से उठती ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। आग बुझाने के लिए आसपास के लोगों ने बाल्टी, पाइप और अन्य साधनों से काफी प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल साबित हुआ।फायर ब्रिगेड को फोन किया गया, लेकिन आग लगने करीब एक घंटा बीत जाने के बावजूद खबर लिखे जाने तक कोई भी दमकल गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी थी। दमकल विभाग की देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना था कि समय पर दमकल आ जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।आग की लपटें फैलती देख आसपास के दुकानदारों ने एहतियातन अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दीं। रेलवे रोड पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। लोगों को आशंका थी कि यदि आग और फैल गई तो पास की दुकानों और प्रतिष्ठानों को भी नुकसान पहुंच सकता है।फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को ही वजह माना जा रहा है। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है। स्थानीय लोग प्रशासन से दमकल व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।(जारी पूरी खबर के लिये जुड़े रहे)

[adrotate banner="2"]