कस्तूरबा विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश न होने से छात्राएं ठिठुर रहीं, परियोजना कार्यालय के आदेश की अनदेखी

0
370

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में कड़ाके की सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर दिखाई दे रहा है। ठंड को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी परिषदीय एवं बोर्ड के विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है। इसके बावजूद जनपद में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राएं सर्दी में ठिठुरने को मजबूर हैं, क्योंकि इन विद्यालयों में अब तक शीतकालीन अवकाश घोषित नहीं किया गया है।
राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार शीतकालीन अवकाश 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक निर्धारित किया गया है। इसी आदेश के अनुपालन में जनपद के परिषदीय विद्यालयों में अवकाश लागू कर दिया गया है, लेकिन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में इस आदेश की अनदेखी किए जाने से सवाल खड़े हो रहे हैं। ठंड के मौसम में छात्राओं को सुबह-शाम की ठिठुरन में नियमित दिनचर्या निभानी पड़ रही है।अभिभावकों का कहना है कि अत्यधिक सर्दी में आवासीय विद्यालयों में छात्राओं की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। कई अभिभावकों ने इस संबंध में शिक्षा विभाग से अवकाश घोषित करने की मांग की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश को लेकर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा और आवश्यकतानुसार अवकाश घोषित किया जाएगा।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]