फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता)थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम बलीपुर में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं मां का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार ग्राम बलीपुर निवासी रमाकांत की 5 वर्षीय पुत्री दिव्या सड़क के किनारे खड़ी थी। इसी दौरान एक अनियंत्रित बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के तुरंत बाद परिजन दिव्या को लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की मां सरोजनी देवी ने बताया कि उनके तीन बेटियां और एक बेटा हैं। दिव्या कक्षा एक की छात्रा थी और बच्चों में तीसरे नंबर की थी। मां ने रोते हुए बताया कि जब दिव्या सड़क के किनारे खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी| घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
अनियंत्रित बाइक की टक्कर से 5 वर्षीय बालिका की मौत, मां का रो-रोकर बुरा हाल



