फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार में पेंशनर्स दिवस का आयोजन जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं अम्बरीष बाजपेई, वरिष्ठ कोषाधिकारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं उद्बोधन सेवानिवृत्त सहायक कोषाधिकारी अखिलेश चन्द्र अग्निहोत्री द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त अखिलेश मुरारी पाण्डेय ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से संबंधित पेंशनरों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति में आ रही समस्याओं को उठाया। वहीं सेवानिवृत्त वीरेन्द्र कुमार मिश्रा ने पेंशनरों की राशिकरण कटौती 15 वर्ष के स्थान पर 10 वर्ष 11 माह किए जाने का अनुरोध किया, जिस पर वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि माननीय न्यायालय के निर्णय, विभागीय निर्देशों एवं शासनादेश के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सेवानिवृत्त सुखदेव दीक्षित ने पेंशनरों के परिचय पत्र जारी किए जाने का विषय उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने अविलम्ब परिचय पत्र जारी करने के निर्देश दिए। सेवानिवृत्त विनोद कुमार उपाध्याय ने प्रधानाध्यापक पद के सापेक्ष वेतनमान न दिए जाने तथा बेसिक शिक्षा विभाग में सेवापुस्तिका गायब होने और लिपिकों की उदासीनता की शिकायत रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पेंशनर राजीव बाजपेई द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की मासिक बैठक हेतु स्थान आवंटन सहित 5 सूत्रीय प्रस्ताव जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर राजेश निराला, प्रभूदयाल, नन्दकिशोर शर्मा, विजय बहादुर यादव एवं विष्णु भगवान कटियार ने कोषागार फर्रुखाबाद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए जिलाधिकारी को सहयोगात्मक रवैये के लिए धन्यवाद दिया तथा नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं। सभा के अंत में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा 80 वर्ष से अधिक आयु के 30 अति वरिष्ठ पेंशनरों को शॉल उड़ाकर सम्मानित किया गया।
फर्रुखाबाद में पेंशनर्स दिवस का आयोजन, 30 अति वरिष्ठ पेंशनरों का हुआ सम्मान



