फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) इटावा–बरेली हाईवे पर ग्राम वनपोई के पास बीती रात एक सड़क हादसे में होटल में बैटर का काम करने वाले 32 वर्षीय सोनू की मौत हो गई। पैदल जा रहे सोनू को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना पर डायल 112 और डायल 108 मौके पर पहुंचीं और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर जितेंद्र यादव ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला को दी गई।मृतक सोनू जनपद हरदोई के हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पांडे पुरवा का निवासी था। वह रोहिला चौराहे स्थित काका होटल में बैटर का काम करता था और लगभग एक माह से वहीं कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, घटना से पहले सोनू शाम करीब आठ बजे गमा देवी होटल पर अपने ताऊ तेजराम से मिलने गया था। रात लगभग दो बजे वह पैदल अपने चाचा हिमांशु से मिलने स्वाती ढाबा, गैसिंगपुर जा रहा था, तभी हादसा हो गया। सोनू चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके भाई 30 वर्षीय शीतल, 28 वर्षीय नीलेश और 22 वर्षीय रितुराज हैं, जबकि तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। मृतक के पिता विजय शंकर व भाई भी होटल में बैटर का काम करते हैं। उप निरीक्षक अखिलेश कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
हाई-वे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से होटल कर्मी की मौत



