बाइकों की भिड़ंत में सैनिक समेत दो की मौत, चार घायल

फर्रुखाबाद:(जहानगंज/नगर संवाददाता) जिले में रविवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम महरूपुर बीजल के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में भारतीय सेना के जवान की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दूसरे बाइक सबार कों लोहिया में मृत घोषित किया गयी| जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में जनपद कन्नौज के थाना सौरिख क्षेत्र के ग्राम शिवसिंहपुर निवासी 35 वर्षीय विनीत पुत्र राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। विनीत भारतीय सेना में कार्यरत थे और वर्तमान में जम्मू में तैनात थे। परिजनों के अनुसार वह छुट्टी पर घर आए हुए थे और अपनी पत्नी निशा व सात वर्षीय पुत्र रोहन के साथ फर्रुखाबाद के मसेनी रामनगर स्थित अपने आवास जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ग्राम महरूपुर बीजल के पास पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सैनिक विनीत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
दूसरी बाइक पर सवार युवक को डायल 112 पुलिस गंभीर हालत में अपनी गाड़ी से डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अंकित पुत्र कुंवरपाल, निवासी कतरौली पट्टी, थाना कमालगंज के रूप में हुई।
हादसे में 18 वर्षीय ओमवीर पुत्र रामतीर्थ निवासी तरा नगला, थाना जहानगंज तथा 17 वर्षीय राजकुमार पुत्र सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं सैनिक विनीत की पत्नी निशा व पुत्र रोहन भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल लोहिया में चल रहा है।
अंकित के पिता ने बताया कि उनका बेटा दरियागंज में अपनी बुआ के पास रहता था। हादसे की सूचना फोन से मिली, जिसके बाद वह अस्पताल पहुंचे। दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।