व्यापार मंडल की बैठक में यातायात नियमों पर जागरूकता, सेंट्रल जेल चौराहे की अव्यवस्था पर उठी मांग

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सेंट्रल जेल तिराहा स्थित फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के संगठन मंत्री विपिन सिंह राजावत के प्रतिष्ठान पर व्यापार मंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार ने व्यापारियों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी और नियमों के पालन पर जोर दिया। यातायात प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना की स्थिति में यदि एयरबैग नहीं खुलता है तो बीमा क्लेम मिलने में दिक्कत हो सकती है। उन्होंने वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने तथा नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सिफारिश करने की बजाय यदि सभी लोग नियमों का पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। व्यापारियों ने सेंट्रल जेल चौराहे पर दुकानों के सड़क के बिल्कुल

किनारे लगने से लगने वाले जाम की समस्या उठाई। व्यापार मंडल सेंट्रल जेल के महामंत्री डॉ. संजीव त्रिपाठी ने मांग की कि दुकानों को सड़क से कुछ पीछे व्यवस्थित कराया जाए ताकि यातायात सुचारू हो सके।महामंत्री देवेंद्र सक्सेना पिंटू ने कहा कि संगठन निरंतर व्यापारी हित में कार्य कर रहा है। जिला महामंत्री विमलेश मिश्रा ने कहा कि व्यापारियों के टैक्स से ही पुलिस को वेतन मिलता है, इसलिए व्यापारिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगे। अध्यक्ष योगेश गुप्ता ने बताया कि सेंट्रल जेल चौराहे पर शौचालय निर्माण के लिए शीघ्र नगर पालिका को ज्ञापन दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने व्यापारियों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने की अपील की। बैठक का संचालन अभिषेक वाजपेयी ने किया। जिला प्रवक्ता लखन सिंह, मीडिया प्रभारी संजीव गुप्ता, अनूप गुप्ता, शरद गुप्ता, दीपक गवरानी सहित संरक्षक सत्य प्रकाश मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष यादव, शशांक कटियार, सुधीर यादव, मनोज कुमार, शैलेश राजपूत, शैलेन्द्र यादव, अवनीश कुमार सहित अनेक व्यापारी रहे।