फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम कोरीखेड़ा से लापता 10 वर्षीय बालक आशुतोष गुप्ता का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका है। बालक के अचानक गायब होने से परिजनों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस और ग्रामीण लगातार तलाश में जुटे हुए हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।
ग्राम कोरीखेड़ा निवासी चन्द्रप्रकाश गुप्ता ने थाना जहानगंज में दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र आशुतोष बुधवार शाम करीब 5:30 बजे घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। जब काफी देर तक कोई सूचना नहीं मिली तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर खेतों, रास्तों, नजदीकी गांवों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की, परंतु बालक का कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदगी दर्ज कर ली और तलाश तेज कर दी। बालक की खोज के लिए पड़ोसी जिले कन्नौज से डॉग स्क्वॉड बुलाया गया। डॉग स्क्वॉड ने खेतों और रास्तों सहित कई स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस टीम कोरीखेड़ा चौराहे पर अवनीश पाल की दुकान सहित अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं जहानगंज चौराहे पर कांस्टेबल निरंकार और अनुज द्वारा भी कैमरे चेक किए गए। थाना प्रभारी राजेश राय ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक रामबाबू को सौंपी गई है। तीसरे दिन भी बालक का पता न चलने पर पूछताछ के लिए चार संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है। उच्चाधिकारियों को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आशुतोष की सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को भी बालक के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल थाना जहानगंज पुलिस को सूचित करें।
तीसरे दिन भी लापता बालक का नहीं लगा सुराग, सीसीटीवी खंगाले




