ईरानी बस्ती में संदिग्धों के शक में पुलिस का छापा, दस्तावेजों की जांच

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) ठंडी सड़क रेलवे रोड स्थित नव भारत सभा भवन के पास पिछले कई वर्षों से लगभग दो दर्जन परिवार रह रहे हैं। इन परिवारों को लेकर हाल के दिनों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाएं मिलने के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में ईरानी बस्ती में रह रहे परिवारों के पहचान से संबंधित दस्तावेजों की जांच-पड़ताल का विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय के साथ शहर कोतवाली, कादरीगेट और मऊ दरवाजा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बस्ती में पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस टीम ने वहां रह रहे सभी परिवारों से आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र सहित अन्य निवास संबंधी अभिलेख मांगे और उनका मिलान किया। इस दौरान कई लोगों से उनके यहां रहने की अवधि, मूल निवास और परिवार के सदस्यों के संबंध में भी पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों ने बस्ती में रह रहे लोगों को स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल सत्यापन के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी को रोका जा सके। जांच के दौरान पुलिस ने दस्तावेजों की फोटो कॉपी तैयार कर रिकॉर्ड में शामिल किया, वहीं जिन लोगों के पास पूरे कागजात उपलब्ध नहीं थे, उन्हें जल्द दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि ईरानी बस्ती को लेकर कुछ संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाएं प्राप्त हुई थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर वहां रह रहे लोगों के निवास और पहचान से जुड़े अभिलेखों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह एक नियमित सत्यापन अभियान है और किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई बिना जांच के नहीं की जाएगी। यदि जांच में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आता है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा का माहौल रहा। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि से इस तरह का सत्यापन अभियान जरूरी है। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी शहर के अन्य इलाकों में इसी तरह के सत्यापन अभियान चलाए जाएंगे, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।