फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम कोरीखेड़ा में एक 10 वर्षीय मासूम बालक के अचानक लापता होने से पूरे क्षेत्र में चिंता व्याप्त है। खेत से घर लौटते समय बालक के गायब होने की जानकारी मिलते ही परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में घंटों खोजबीन की, मगर सफलता नहीं मिली। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर ली है और तलाश तेज कर दी है।
ग्राम कोरीखेड़ा निवासी चन्द्रप्रकाश गुप्ता ने अपने पुत्र 10 वर्षीय आशुतोष की गुमशुदगी की तहरीर थाना जहानगंज में दी। परिजनों के अनुसार बुधवार शाम लगभग 5:30 बजे आशुतोष घर से बिना बताए बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। देर शाम तक उसकी कोई खबर न मिलने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए और ग्रामीणों के साथ मिलकर खेतों, रास्तों, नजदीकी गांवों और संभावित स्थानों पर खोज की, लेकिन बालक का कोई पता नहीं चल सका। सूचना पर पुलिस भी सक्रिय हो गई। बच्चे का सुराग लगाने के लिए पड़ोसी जिले कन्नौज से डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। डॉग स्क्वॉड के जैकी ने आसपास के क्षेत्र में कई स्थानों पर सर्च किया, खेतों से लेकर रास्तों तक दौड़ लगाई, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद बालक के संबंध में कोई सुराग हाथ नहीं लगा। थाना प्रभारी राजेश राय ने बताया कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। बालक की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक रामबाबू को सौंपी गई है। पुलिस टीम विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। साथ ही उच्चाधिकारियों को भी पूरी जानकारी दे दी गई है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी को बच्चे के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत थाना पुलिस को सूचित करें। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आशुतोष की सकुशल घर वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस व ग्रामीण लगातार उसके सुराग की तलाश में जुटे हुए हैं, हालांकि अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
बालक लापता, कन्नौज का डॉग स्क्वॉड भी नहीं लगा सका सुराग



