रखा चर्च में चोरी, नकदी और कीमती सामान ले गए चोर

0
405

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार रात चोरों ने रखा चर्च में धावा बोलते हुए दरवाजे का ताला तोड़ डाला और भीतर रखी नकदी समेत सफेद धातु व पीतल के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार सुबह जब एक युवक पानी का कंटेनर रखने के लिए चर्च पहुंचा तो उसने देखा कि ताले टूटे पड़े हैं। उसने तत्काल इसकी जानकारी पादरी मनोज कुमार को दी।
सूचना मिलते ही पादरी व अन्य लोग मौके पर पहुंचे तथा चर्च के भीतर जाकर सामान की जांच की, जहां कई कीमती वस्तुएं गायब मिलीं। चोरों ने रात के अंधेरे में मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया है। मामले की सूचना बाद में पुलिस को भी दी गई। जानकारी मिलते ही याकूतगंज चौकी इंचार्ज राहुल कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पड़ताल की। हालांकि मीडिया द्वारा उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। चर्च के पादरी मनोज कुमार ने बताया कि जब उन्होंने इस चोरी की घटना को लेकर चर्च कमेटी के सदस्यों से बातचीत की तो सदस्यों ने कहा कि पहले भी शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए पुलिस में शिकायत करने से कोई उम्मीद नहीं है। इस वजह से औपचारिक तहरीर पुलिस को नहीं दी गई। कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी है, फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर प्राप्त होते ही मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]