व्यापारी–पुलिस समन्वय को और मजबूत किया जाएगा: एएसपी

0
377

फर्रुखाबाद :(जेएनआई ब्यूरो) नवागंतुक एएसपी अरुण कुमार सिंह ने व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक ली, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिये| नवागंतुक अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने जनपद में व्यापारियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापारिक संगठनों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं व सुझाव एएसपी के समक्ष रखे।
गुरुवार को कार्यभार संभालने के बाद एएसपी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि व्यापारी समाज आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारियों से जुड़े प्रत्येक मामले का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ से संबंधित शिकायतें लंबित न रहें और प्रत्येक प्रकरण पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।गोष्ठी के दौरान व्यापारियों ने बाजारों में बढ़ते ट्रैफिक जाम, रात्रि गश्त की कमी, चोरी–लूट की घटनाओं पर रोक, सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता, पार्किंग व्यवस्था और त्योहारी सीजन में सुरक्षा बढ़ाने जैसे मुद्दे उठाए। एएसपी ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित थानाध्यक्षों को आवश्यक दिशा–निर्देश जारी किए। उन्होंने यह भी कहा कि बाजार क्षेत्रों में पुलिस की पैदल गश्त बढ़ाई जाएगी और व्यापारी–पुलिस समन्वय को और मजबूत किया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंच सके। साथ ही उन्होंने व्यापारियों से भी आग्रह किया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी और सुरक्षा उपकरणों की स्थापना अवश्य कराएं।व्यापारी प्रतिनिधियों ने नवागंतुक एएसपी का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके कार्यकाल में जनपद में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी तथा व्यापारिक गतिविधियां निर्भय माहौल में संचालित होंगी।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]