कंपिल के महादेव खाद भण्डार का लाइसेंस निलंबित, दुकान सील

फर्रुखाबाद:(कंपिल संवाददाता) कटिया रोड, कम्पिल स्थित महादेव खाद भण्डार पर किसानों द्वारा की गई शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गंगपुर शाहपुर के किसान बलवीर, उदयवीर, पप्पू और सुनील ने आरोप लगाया था कि उन्होंने दुकान से डीएपी खाद खरीदी, जिसकी गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत हो रही है। किसानों ने इसकी औपचारिक शिकायत तहसील कायमगंज में दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर जिला कृषि अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों की उपस्थिति में खाद भण्डार की जांच की। प्रथम दृष्टया डीएपी स्टॉक संदिग्ध पाया गया, जिसके बाद दुकान में रखी 45 बोरी डीएपी तथा किसानों के पास मौजूद बोरियों से नमूने जांच हेतु लिए गए। तत्काल प्रभाव से उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस निलंबित कर बिक्री पर रोक लगा दी गई। साथ ही दुकान के पूरे स्टॉक को सीज कर प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया। दुकान की सुरक्षा की जिम्मेदारी रिकू नामक व्यक्ति को सौंपी गई है।जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट आने तक दुकान बंद रहेगी। यदि डीएपी अमानक पाई जाती है तो विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। गत वर्ष की तुलना में इस बार डेढ़ गुना अधिक डीएपी का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि नवंबर के लक्ष्य के मुकाबले यूरिया 129 प्रतिशत, डीएपी 181 प्रतिशत, पोटाश 346 प्रतिशत, एनपीके 173 प्रतिशत और सुपर फास्फेट 178 प्रतिशत उपलब्ध है। रेलवे रैक व सड़क मार्ग से निरंतर उर्वरक की आपूर्ति जारी है।किसानों से अपील की गई है कि वे खाद खरीदते समय खतौनी और आधार साथ लेकर आएं तथा मिट्टी परीक्षण के आधार पर ही संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करें। अधिकारी ने आश्वस्त किया कि जिले में उर्वरक की कमी नहीं है और न ही होने दी जायेगी।