नवागंतुक बीएसए विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कार्यभार संभाला, लापरवाही पर सख्ती के संकेत

0
661

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शनिवार देर शाम नवागंतुक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने जिले का कार्यभार औपचारिक रूप से ग्रहण कर लिया। वह शाम के समय कार्यालय पहुंचे, जहां प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी ने उन्हें विधिवत चार्ज सौंपा।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद बीएसए ने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों व अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और विभागीय कार्यों की प्राथमिक जानकारी ली।नवागंतुक बीएसए ने पदभार ग्रहण करते ही शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए स्पष्ट संकेत दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की गुणवत्ता, बच्चों की उपस्थिति, अध्यापकों की समयपालन व्यवस्था और मध्यान्ह भोजन योजना की पारदर्शिता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी।बीएसए ने बताया कि वह समय-समय पर विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण भी करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुपस्थित रहने वाले, मनमानी करने वाले या कार्य में रुचि न दिखाने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों व विद्यालयों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाएगा।विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कहा कि वह शिक्षकों के सहयोग से जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देंगे। उन्होंने कर्मचारियों से पारदर्शिता, समयबद्धता और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील की। ।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]