फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले की सभी तहसीलों में बीज विक्रेताओं की गहन जांच के लिए संयुक्त टीमें गठित कर 38 बीज दुकानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध कराना है। जिला कृषि अधिकारी बीके.सिंह ने बताया कि सदर में उप कृषि निदेशक एवं अपर जिला कृषि रक्षा अधिकारी, कायमगंज में जिला कृषि अधिकारी व सहायक आयुक्त/सहायक निबंधक सहकारिता, तथा अमृतपुर में उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी व अपर जिला कृषि अधिकारी द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान विभिन्न दुकानों से 21 बीज नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु गोपनीय रूप से जनपद के बाहर की प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। रिपोर्ट अधोमानक मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे तथा विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। छापेमारी के दौरान दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए तथा तीन विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। विवरण इस प्रकार है—तिवारी बीज भंडार, कायमगंज समुचित अभिलेख न दिखाने पर लाइसेंस निलंबित,प्रेम चन्द्र एंड सन्स, कम्पिल रोड कायमगंज- समुचित अभिलेख न दिखाने पर लाइसेंस निलंबित,हैप्पी खाद एवं बीज भंडार, वाहिदपुर- निरीक्षण के समय दुकान बंद, कारण बताओ नोटिस, शांति बीज भंडार, बधार दुकान बंद, कारण बताओ नोटिस, माला बीज भंडार, अलीगंज रोड कायमगंज दुकान बंद, कारण बताओ नोटिस दिया गया| जिला कृषि अधिकारी बी.के. सिंह ने कहा कि किसानों के हित में छापेमारी आगे भी जारी रहेगी। सभी प्रतिष्ठानों पर स्टॉक व बिक्री रजिस्टर का संधारण अनिवार्य है, जिसे कार्यालय द्वारा प्रमाणित किया जाता है।
38 बीज दुकानों पर छापेमारी, 21 नमूने लिए, 2 लाइसेंस निलंबित, 3 को कारण बताओ नोटिस



