फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) रविवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक रिश्तेदारी में वरीक्षा कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी नगला उम्मेद के पास उनकी बाइक आलू से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर फरार हो गया।
कोतवाली मोहम्ददाबाद के ग्राम गैसिंगपुर निवासी 28 वर्षीय मोहित पुत्र राजवीर व 25 वर्षीय राहुल पुत्र सत्यपाल कार्यक्रम में शामिल होकर नवाबगंज के बर्राकेशब से बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों बिना हेलमेट के सवारी कर रहे थे। रात करीब आठ बजे जब वे नगला उम्मेद के पास पहुंचे, तभी आलू से लदे ट्रैक्टर-ट्राली से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, कोतवाल नवाबगंज अबध नारायण पाण्डेय, कोतवाल मोहम्मदाबाद विनोद शुक्ला व थाना पुलिस मौके पर पहुंची । शवों की तलाशी ली। पुलिस को पास में मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। थोड़ी देर बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी। थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर और ट्रॉली को पुलिस ने मौके से बरामद कर कब्जे में ले लिया। जबकि चालक हादसे के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
दो बाइक सवारों की ट्रैक्टर से टक्कर में मौत



