फर्रुखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता) रुपए के लेनदेन को लेकर शुक्रवार दोपहर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और कई राउंड फायरिंग की गई, जिससे मुख्य मार्ग पर भगदड़ मच गई। लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से भाग खड़े हुए।
थाना क्षेत्र के ग्राम कलुआपुर निवासी संगम गंगवार की टेंट हाउस की दुकान फैजबाग बाजार में है। उसका कुछ रुपए का लेनदेन गांव अद्दूपुर निवासी अंशुल यादव से चल रहा था। बताया गया कि पिछले कई दिनों से दोनों के बीच इस लेनदेन को लेकर रंजिश बनी हुई थी। शुक्रवार दोपहर संगम गंगवार अपने दोस्त अनुज राजपूत निवासी नगला सेठ की दुकान पर किसी काम से गए थे।इसी दौरान अंशुल यादव
अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया और दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। संगम गंगवार का आरोप है कि अंशुल व उसके साथियों ने फायरिंग की, जिससे जानमाल का खतरा बन गया।
संगम और अनुज ने शटर बंद कर किसी तरह अपनी जान बचायी।फायरिंग की सूचना पर थानाध्यक्ष रमेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे व कई युवकों को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने लाया गया है, फिलहाल किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच पड़ताल जारी है। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लेनदेन को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत, फायरिंग से फैली दहशत



